
अल्मोड़ा। जैंती चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मल्ला तोक जलना निवासी देवराम के पुत्र कमलेश के विवाह के बाद घर में आयोजित कार्यक्रम के लिए सामान लेने दो लोग बोलेरो वाहन से जैंती बाजार गए थे। वापसी के दौरान खाड़ी रोड के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन मुख्य सड़क से करीब 250 से 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। घटना शाम करीब 5:50 बजे की बताई जा रही है।
दुर्घटना में देवेंद्र कुमार (35) पुत्र रामलाल निवासी ग्राम रिची बिललेख, रानीखेत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक प्रदीप कुमार (42) पुत्र फूलचंद निवासी बजवालपुर, हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल प्रदीप कुमार को उपचार के लिए जैंती अस्पताल भेजा गया, जहाँ से उसे हायर सेंटर रेफेर किया गया है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

