
काशीपुर(आरएनएस)। कुंडेश्वरी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आधा दर्जन लोगों पर 10 लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम रामनगर निवासी विपुल कुमार पुत्र कतार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जुलाई 2025 को गांव के ही जशनदीप सिंह ने उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें बाद में विवेचना के दौरान साक्ष्य न मिलने पर उसका नाम हटा दिया गया। आरोप है कि उसी मामले में सुमित द्वारा प्रस्तुत किया गया जाति प्रमाण पत्र शिकायत के बाद जांच में फर्जी पाया गया। इस संबंध में थाना टांडा, रामपुर में सुमित व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। विपुल के अनुसार, एक अक्तूबर की दोपहर हरविंदर सिंह उर्फ राजू, राजेश, जसप्रीत सिंह राणा व चंद्रावती समेत अन्य लोग उसके घर के पास आए और गाली-गलौज करते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम न देने पर उसे एससी-एसटी एक्ट व बलात्कार जैसे झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

