
नैनीताल(आरएनएस)। डॉ. आर. एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए ताकि लागत न बढ़े और जनसुविधाओं में सुधार हो। भूमि एवं समन्वय से जुड़े मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर कर कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने पर बल दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित कार्य करें। लंबित टेंडर और अनुमोदनों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन, पेयजल योजनाओं, सीवरेज कार्यों और सिंचाई विभाग की 3678 करोड़ रुपये की जमरानी बांध परियोजना सहित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। बलियानाला भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के उपचारात्मक कार्य, बस टर्मिनल निर्माण, मानसिक चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में अभिनव प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा वारिसान नामांतरण अभियान में 21452 लाभार्थियों को फायदा मिला है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के सभी आवेदन समय पर निस्तारित किए गए। सेवा का अधिकार के अंतर्गत हजारों आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया गया। जन-जन की सरकार कार्यक्रम के तहत 50 स्थानों पर शिविर आयोजित कर 10746 लोगों को लाभ पहुंचाया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन में पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए मजबूत प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण, राजस्व वसूली, नशामुक्त अभियान और नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधार पर भी जोर दिया। बैठक में आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया गया कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए नैनीताल को योजनाबद्ध और तेज गति से विकसित जनपद के रूप में स्थापित करें। बैठक में आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, पुलिस अधीक्षक डॉ० जगदीश चंद्रा, मनोज कत्याल,अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी,लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू,पेयजल निर्माण निगम के अधीक्षण अभियंता अनूप पाण्डे सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

