
रुद्रपुर(आरएनएस)। गूगल पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च करना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर मोबाइल में फर्जी एप डाउनलोड कराया और उसके खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलमिन्द्र सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी सिंह कॉलोनी ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है और वह अपने मोबाइल में पीएनबी वन एप का उपयोग करते हैं। 27 और 28 फरवरी को जब उन्होंने पीएनबी वन एप खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुला। इसके बाद 1 मार्च को उन्होंने गूगल पर पंजाब नेशनल बैंक के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिले एक नंबर पर उन्होंने कॉल कर दी। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। पीड़ित के अनुसार, कॉलर ने उनके व्हाट्सएप पर पीएनबी वन नाम की एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर उसमें बैंक से संबंधित जानकारी भरने को कहा। पीड़ित ने कॉलर के बताए अनुसार एप डाउनलोड कर उसमें अपनी बैंक डिटेल दर्ज कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उनके पीएनबी खाते से 25-25 हजार रुपये के आठ ट्रांजेक्शन कर कुल दो लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

