
रुद्रपुर(आरएनएस)। विकसित भारत- गारंटी फ़ॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट के जनजागरण अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने 125 दिन के रोजगार व त्वरित भुगतान को क्रांतिकारी कदम बताया। रविवार को नानकत्ता के रिजॉर्ट में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय सम्मेलन में जी राम जी योजना में मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने योजना को विकसित भारत की अवधारणा के लिए सराहनीय निर्णय बताया। उन्होंने कहा इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 125 दिन का रोजगार प्रदान किए जाने का प्रावधान है। कांग्रेस जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह योजना पूर्व में अपने विभिन्न स्वरूपों में रही, कांग्रेस सरकार ने समय-समय पर इस योजना का नाम बदला। इस योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार की गारंटी देना रहा किंतु यह योजना अपने मूल उद्देश्य को प्राप्त नहीं कर सकी। गांव में एक गड्ढा खोद देने को भी मनरेगा में जोड़ दिया जाता था। इसका कोई स्पष्ट स्वरूप नहीं था तथा योजना में लगातार भ्रष्टाचार के प्रकरण सामने आते रहे। अब यह व्यवस्था विभिन्न कार्यों का एकीकरण एवं पारदर्शी है। यहां पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, पालिकाध्यक्ष सितारगंज सुखदेव सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पालिकाध्यक्ष खटीमा रामू जोशी, रश्मि रस्तोगी, ब्लॉक प्रमुख खटीमा सरिता राणा,-दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, अमित नारंग, श्रीपाल सिंह राणा, सुमित जोशी मौजूद रहे।

