
रुद्रपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही है। विपक्ष को सवालों के जवाब नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में लोकतंत्र कहां बचा है? नेता प्रतिपक्ष आर्य सोमवार को कांग्रेस नेता हरपाल सिंह के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सवाल पूछा कि एक कंपनी में 20 हजार करोड़ रुपया किसका है। उस कंपनी में शामिल चीनी नागरिक कौन है। केंद्र सरकार ने जवाब देने के बजाय उल्टा राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता ही समाप्त करवा दी। कहा कि जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा है। आर्य ने कहा कि राज्य में नौकरियों के लिए न्याय की मांग करने वालों को सरकार ने जेल भेज दिया। विधानसभा में मुद्दे उठाए, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है। उद्योगों में राज्य के युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार के मुद्दे पर चुप है। सरकार को बेरोजगारी और महंगाई से कोई सरोकार नहीं है। अफसरशाही बेलगाम है। समाज का हर वर्ग परेशान है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जन समस्याओं के मुद्दे पर संघर्ष करने के लिए कहा। वहीं सितारगंज पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, नवतेज पाल सिंह, कुंवर शिववर्धन सिंह, नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष हरपाल सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करन जंग, जिलानी अंसारी, युसुफ मलिक, सतीश जेके, विपिन खोलिया, सोनू जायसवाल, वसीम मियां, शाकिर अली, आजम मलिक, मुख्तयार अंसारी, राहुल कुमार मौजूद रहे।

