
बागेश्वर। कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गोकुल जोशी और अन्य व्यापारियों के साथ मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापार संघ और होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी शुक्रवार को कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों ने प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद किया जाएगा।
मामला गुरुवार का है। कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गोकुल जोशी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी दुकान और घर में घुस गए और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। देर शाम जोशी मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचे तो दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। इस दौरान हंगामा हुआ और जोशी के पक्ष में बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
घटना के विरोध में कोतवाली पहुंचे व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि मारपीट में घायल व्यापारियों को ही सुबह से कोतवाली में बैठाए रखा गया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज जोशी और होटल एसोसिएशन अध्यक्ष बबलू नेगी ने कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार मंडल पूरे बाजार को बंद करेगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
प्रदर्शन में हरीश सोनी, राजेंद्र परिहार, सचिव देवेंद्र अधिकारी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, अनिल कार्की, प्रमोद मेहता, गोकुल जोशी, महेश दफोटी और तिलक तिवारी आदि मौजूद रहे।
दोनों पक्षों की तहरीर मिली
सीओ बागेश्वर अजय लाल साह ने बताया कि कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष और दूसरे पक्ष की तहरीर पुलिस को मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

