
अल्मोड़ा। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वन शहीदों को शुक्रवार को बिन्सर में श्रद्धापूर्वक याद किया गया। बिन्सर प्रवेश द्वार के समीप स्थित स्वागत कक्ष में वन शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वनकर्मियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अन्य लोगों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन बिन्सर वन्यजीव विहार के वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए शहीद हुए वनकर्मियों के योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की रक्षा के लिए वनकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं और कई कर्मियों ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण तक न्योछावर किए हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भेटुली पूजा भोज, मैरी बडन के प्रबंधक नरेंद्र शर्मा, नाइन फर्लांग के प्रतिनिधि योगेंद्र देवड़ी, बिन्सर वन्यजीव विहार के गाइड भुपाल सिंह भोज, पूरन सिंह पिल्खवाल, वन दरोगा कु. अस्मिता सैनी, प्रशांत चंद, वन रक्षक महेंद्र सिंह मटेला, नरेंद्र सिंह अधिकारी, अमन, किरन तिवारी, कु. रिंकी नेगी, कु. उषा बाराकोटी, वाहन चालक नरेंद्र सिंह जीना, भगवत सिंह भोज, कैलाश चंद्र भट्ट सहित वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


