
रुद्रपुर(आरएनएस)। रम्पुरा निवासी एक व्यक्ति ने दो लोगों पर मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी में मोटे मुनाफे का लालच देकर 7.07 लाख रुपये निवेश कराने और रकम हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में रम्पुरा वार्ड नंबर-22 निवासी अनिल पाल ने बताया कि उनके पड़ोसी सेवाराम और उसके मित्र विपिन कुमार सिंह ने फुलसुंगा क्षेत्र में बिजनेस विसवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड नाम से मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी शुरू की थी।आरोप है कि दोनों ने उन्हें छह माह में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर उन्होंने सितंबर और अक्तूबर 2022 में आरटीजीएस और नकद कंपनी और विपिन कुमार सिंह को कुल 2.07 लाख रुपये दिए। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मोटा मुनाफा कमाने के लिए और रकम निवेश करने का दबाव बनाया। इस पर उन्होंने एक मित्र से पांच लाख रुपये उधार लेकर कंपनी में निवेश कर दिए। इस तरह कुल 7.07 लाख रुपये निवेश किए गए। कुछ समय बाद कंपनी बंद हो गई। आरोप है कि 30 मई 2025 को रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
