
हरिद्वार(आरएनएस)। जनपद में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 26 मार्च तक चकाचक शौचालय सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चार माह से स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई और रखरखाव पर फोकस किया जाएगा। यह अभियान गत 11 मार्च से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प हरिद्वार जनपद स्वच्छ हो अपना के तहत संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी। अभियान के दौरान मेरा शौचालय, मेरा सम्मान संदेश के माध्यम से आमजन की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अभियान के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किए गए कार्यों की जीपीएस लोकेशन सहित पहले और बाद की फोटो निर्धारित व्हाट्सऐप नंबर पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने जनपद के नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देने की अपील की है।


