
ऋषिकेश। वीकेंड पर रविवार को तीर्थनगरी पर्यटकों से गुलजार रही। गंगाघाटी में राफ्टिंग का संचालन शुरू होने के बाद रविवार को रामझूला, मुनिकीरेती क्षेत्र में पर्यटकों की खासी भीड़ नजर आई। राफ्टिंग के रोमांच का लुत्फ उठाने के लिए राफ्टिंग ऑफिसों में बुकिंग के लिए सैलानी जद्दोजहद करते नजर आए। दूसरे दिन करीब दो हजार से अधिक लोगों ने गंगा की लहरों पर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। ब्रह्मपुरी से खारास्त्रोत, मुनिकीरेती तक गंगा में सैकड़ों रंग बिरंगी राफ्टें तैरती नजर आईं। राफ्टिंग का संचालन शुरू होने से राफ्ट कारोबारियों के साथ पर्यटकों के चेहरों पर भी रौनक लौट आयी है। राफ्ट संचालक जीतपाल, मुकेश कंसवाल, सुभाष चौहान ने बताया कि आने वाले दिनों में राफ्टिंग कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। शनिवार और रविवार शाम तक करीब तीन हजार से अधिक लोगों ने राफ्टिंग का आनंद उठाया। वहीं, राफ्टिंग रोटेशन समिति अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि सुरक्षा उपकरणों के साथ पर्यटकों को राफ्टिंग करवाई जा रही है।

