
अल्मोड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने औषधीय पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मो. याकूब, सिविल जज आफिया मतीन तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल सिंह बिष्ट सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया। सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और अधिकार मित्रों ने भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में भागीदारी की। वहीं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह के नेतृत्व में पाण्डेखोला बाईपास से हाइडिल गेट तक पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में श्रीकृष्ण विद्यापीठ और द बोधी ट्री पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता, अधिकार मित्र तथा अन्य उपस्थित रहे।
