
भाषण, चित्रकला, रंगोली और युवा संवाद सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम; 7 अक्टूबर को विद्यालयों में होगा गढ़भोज
देहरादून। प्रदेशभर के राजकीय और निजी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दी गई है।
26 और 28 सितंबर को होंगी प्रतियोगिताएं
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में 26 सितंबर को भाषण और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थी विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। विजेता प्रतिभागी जनपद और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
रंगोली और युवा संवाद भी होंगे
मंत्री ने बताया कि बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली प्रतियोगिता और प्रत्येक विकासखंड अथवा विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी अलग से पुरस्कृत किया जाएगा।
7 अक्टूबर को विद्यालयों में गढ़भोज
डॉ. रावत ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों और छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को पहाड़ी और स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखंड की खान-पान परंपरा, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जोड़ना है।
नए उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से कक्षाएं
समीक्षा बैठक में मंत्री ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं संचालित करने और विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को शीघ्र उपलब्ध कराने तथा समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते और बैग की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजने के निर्देश भी दिए गए। विद्यार्थियों को भारत दर्शन और राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की तैयारियां भी समय से शुरू करने को कहा गया।
बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वी.पी. सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

