
बागेश्वर। ऑपरेशन प्रहार के तहत बैजनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैध परिवहन पास की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 8.77 लाख रुपये मूल्य की 103 पेटियों में भरी 1,236 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शराब से लदे पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी अजय शाह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत बैजनाथ पुलिस ने डंगोली-ग्वालदम मार्ग पर बुधवार तड़के करीब 1:45 बजे पिकअप वाहन संख्या UK03CA-2114 को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह चम्पावत स्थित एफएल-2 गोदाम से मैकडॉवेल्स व्हिस्की की 150 पेटियां लेकर चला था, जिन्हें कंधार स्थित शराब की दुकान पर पहुंचाना था। उसने 47 पेटियां पहले ही उतार देने की बात कही।
पुलिस द्वारा माल परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 103 पेटियों में 1,236 बोतल मैकडॉवेल्स अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 8.77 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी सुभाष कुमार (25) पुत्र लीला राम, निवासी ललुवापानी नघान, थाना एवं जिला चम्पावत को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध बैजनाथ कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस शराब के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेश सिंह रजवार, हेड कांस्टेबल नरेंद्र राणा, राजेंद्र रौतेला, अशोक कुमार तथा कांस्टेबल नरेंद्र ढोक्ती और राधेश्याम लोहनी शामिल रहे।
