
रुद्रपुर(आरएनएस)। पंतनगर विश्वविद्यालय में कार्यरत 84 ठेका श्रमिकों ने नए बाह्य सेवा प्रदाता की ओर से जारी अनुबंध की कथित अनावश्यक और आपत्तिजनक शर्तों का विरोध किया है। शनिवार को ठेका मजदूर कल्याण समिति के सचिव अभिलाख सिंह ने श्रमिकों के सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त पत्र कुलपति को सौंपकर शर्तें हटाने और श्रमिकों को पूर्व की भांति कार्यरत रखने की मांग की। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और उप श्रमायुक्त, ऊधमसिंह नगर को भी भेजी गई है। समिति के अनुसार, तीन अगस्त को बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी को बाह्य सेवा प्रदाता के रूप में तैनात किया गया। आरोप है कि कंपनी के अनुबंध पत्र में श्रमिकों के पुलिस सत्यापन, एक माह की ट्रेनिंग, एक वर्ष से पहले काम छोड़ने पर ट्रेनिंग का खर्च वसूलने, वर्दी व अन्य सामग्री जमा करने, सामान चोरी होने पर उसकी भरपाई तथा उत्तराखंड से बाहर स्थानांतरण जैसी शर्तें शामिल हैं। समिति का कहना है कि विश्वविद्यालय में वर्षों से माली, सफाई कर्मचारी, प्रयोगशाला कर्मी, कंप्यूटर और लेखा संबंधी कार्यों सहित विभिन्न प्रकृति के कार्य कर रहे श्रमिकों पर सुरक्षा गार्डों से संबंधित शर्तें लागू करना उचित नहीं है। समिति के मुताबिक, कई श्रमिक पिछले 20 से 25 वर्षों से विश्वविद्यालय में लगातार कार्यरत हैं। ऐसे में उनसे नई ट्रेनिंग और प्रदेश से बाहर स्थानांतरण जैसी शर्तों पर हस्ताक्षर कराना असंतोष का कारण बन रहा है। सचिव अभिलाख सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर विवादित शर्तें हटाने की मांग की है।

