

देहरादून(आरएनएस)। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की जिला इकाई ने सोमवार को लंबित मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से कलक्ट्रेट तक रैली निकाली। इस दौरान शिक्षकों ने टीईटी से छूट समेत 13 सूत्रीय मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाई। बाद में शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसे लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। जिला महामंत्री अश्वनी कुमार भट्ट ने कहा कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
शिक्षकों ने बताया कि 29 मई को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन और 8 जून को सचिवालय कूच प्रस्तावित है।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने, बेसिक शिक्षकों के लिए त्रिस्तरीय ढांचे के तहत पीआरटी, टीजीटी और पीजीटी व्यवस्था लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। इसके अलावा 17140 वेतनमान की वसूली पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में अध्यक्ष सूरज मंद्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल सिंह सिंधवाल, कोषाध्यक्ष सुरक्षा चौहान, वरिष्ठ संयुक्त मंत्री अनूप कुमार भट्ट, महामंत्री अश्वनी कुमार भट्ट, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश चौहान, प्रदेश संरक्षक सतीश घिल्डियाल, अतुल शर्मा, विपिन मेहता, सुभाष चौहान, दुर्गा चौहान, राजेश डोभाल, हुकम तोमर, अजय राणा, प्रीतम चौहान, मोहनलाल शर्मा, बीरबल, मुजमिल, विजया शर्मा, सुशील सेमवाल, राजकुमारी रावत, सुशीला राणा, अमिता रावत, संदीप रावत, राजकुमार, हरेन्द्र, अनिल शाह, अनंत सोलंकी, देवेंद्र सिंधवाल और कनकलता सेमवाल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।


