
विकासनगर(आरएनएस)। क्षेत्र के किसान इन दिनों अपनी कड़ी मेहनत की कमाई को मंडियों तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें जो दाम मिल रहे हैं, वे उनकी उम्मीदों पर भारी पड़ रहे हैं। टमाटर के भाव में आई भारी गिरावट से क्षेत्र के किसान हताश और निराश नजर आ रहे हैं। उन्हें अब अपनी लागत वसूलने की चिंता सताने लगी है। साहिया क्षेत्र में पारंपरिक फसलों के साथ-साथ टमाटर, हरा धनिया, हरी मिर्च और बींस जैसी नकदी फसलों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। स्थानीय किसान सरदार सिंह तोमर, प्रताप सिंह पंवार, अर्जुन सिंह तोमर, नारायण सिंह और भाव सिंह आदि का कहना है कि उन्होंने टमाटर की फसल के लिए पिछले चार माह से दिन-रात मेहनत की है।किसानों
ने बताया कि पिछले सप्ताह पहले तक टमाटर 20 से 25 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन रविवार को साहिया मंडी में इसके दाम अचानक गिरकर मात्र 8 से 12 रुपये प्रति किलो पर सिमट गए। किसानों का दर्द साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इस भाव में बीज, खाद और कीटनाशक दवाओं का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। वहीं साहिया मंडी के आढ़तियों का कहना है कि दामों में यह गिरावट बाजार के गणित के कारण है। मंडी अध्यक्ष राजेश जैन, मनोज पंवार, राजीव गर्ग, सुशील कुमार अग्रवाल, मनोज गुप्ता और सुरजीत सिंह आदि ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा, दिल्ली, सहारनपुर और बेंगलुरु की मंडियों में भारी मात्रा में बैंगलोर का टमाटर पहुंच रहा है। आवक अधिक होने के कारण स्थानीय टमाटर के दामों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लगातार गिरते दामों से किसानों का मनोबल टूट रहा है। लागत से भी कम भाव मिलने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।

