
रुद्रपुर(आरएनएस)। वार्ड नंबर 10 बलीनगर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:17 बजे सूचना मिली कि बलीनगर क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवक दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय सलीम पुत्र शराफत अली निवासी वार्ड नंबर 10 बलीनगर के रूप में हुई। सलीम राजमिस्त्री का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले सलीम का पत्नी से विवाद हो गया था, जिसके बाद वह मायके चली गई थी। बताया गया कि शराब को लेकर भी विवाद हुआ था। रविवार देर शाम सलीम ने अपने पिता से बात की थी। सोमवार सुबह शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर जांच के लिए कब्जे में लिया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ बीएस धौनी के अनुसार, प्रथमदृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

