
अल्मोड़ा। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत चौखुटिया पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को प्रभारी निरीक्षक चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कार संख्या यूके04-एक्यू-5220 का चालक गौरव मेहरा निवासी जमराड़ छीतार चौखुटिया शराब के नशे में बिना सीट बेल्ट लगाए लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए मिला। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को सीज कर दिया।

