
हरिद्वार(आरएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के विरोध में शनिवार को जिला महानगर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इसके बाद शाह को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने तुलसी चौक पर रोककर हिरासत में ले लिया। पार्टी कार्यकर्ता हाथों में ‘अमित शाह गो बैक’ के पोस्टर थामे थे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि शाह को देवभूमि की जनता को बताना चाहिए कि भारत में अमेरिकी दखल पर केंद्र सरकार चुप क्यों है? अंकिता भंडारी हत्याकांड से कथित तौर पर जुड़े ‘वीआईपी’ की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई? हरिद्वार में कुछ नेताओं के संरक्षण में चल रही नशे की तस्करी पर कार्रवाई कब होगी? शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का अपमान क्यों किया जा रहा है? इस पर भी गृहमंत्री को जवाब देना चाहिए। उन्होंने हरिद्वार के एक विधायक की संपत्ति की जांच कराने की मांग भी उठाई। वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने आरोप लगाया कि शाह की रैली में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया है। इस दौरान एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा, वरिष्ठ नेता सीपी सिंह, यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव शुभम जोशी, पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर, पार्षद हिमांशु गुप्ता, आशु श्रीवास्तव, अरुण चौहान, सतेंद्र वर्मा, आशीष पंवार, ऋषभ वशिष्ठ, सत्यम शर्मा और सोनू शर्मा मौजूद रहे।पुलिस से बचकर महानगर अध्यक्ष ने लगाई दौड़तुलसी चौक पर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग पुलिस से बचकर शंकराचार्य चौक की ओर दौड़ पड़े। उनके पीछे पार्षद सोहित सेठी और युवा कांग्रेस नेता उत्कर्ष वालिया भी दौड़े, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कुछ ही दूरी पर तीनों को पकड़ लिया। बाद में सबको छोड़ा गया।

