
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में एसडीआरएफ सरियापानी टीम ने भैंसवाड़ा फार्म में आयोजित 10 दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं खोज-बचाव प्रशिक्षण के तहत पीआरडी एवं होमगार्ड जवानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण 7 से 17 सितंबर तक आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ सरियापानी राजीव जोशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल एवं टीम ने जवानों को आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न तहसीलों में तैनात पीआरडी एवं होमगार्ड जवानों को आपदा के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत-बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना तथा एसडीआरएफ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को स्थानीय एवं वैकल्पिक संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने, मरीज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, नदी पार करने, रस्सी लपेटने, विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने और रस्सी आधारित बचाव तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। एसडीआरएफ टीम ने आपदा की विषम परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से राहत-बचाव कार्य संचालित करने तथा स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर तत्काल बचाव अभियान शुरू करने की तकनीकों की जानकारी भी दी।

