

अल्मोड़ा। नगर में स्कूलों के समय में बदलाव को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया है। नए ट्रैफिक प्लान के तहत स्कूल समय में एनटीडी तिराहे से शिखर तिराहे तक चौपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।
नए प्लान के अनुसार सुबह सात बजे से साढ़े आठ बजे तक तथा दोपहर साढ़े 12 बजे से डेढ़ बजे तक उक्त मार्ग पर चौपहिया वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से प्रतिबंधित समय में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

