

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पांडे के मार्गदर्शन में गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम ‘रेडक्रॉस दिवस’ एवं ‘जागृति योजना’ के तहत ‘सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य’ अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम 2012, यौन उत्पीड़न, रैगिंग अपराध, बाल श्रम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बच्चों के कानूनी अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। उन्होंने पॉश अधिनियम 2013 और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जागरूक किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में 175 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने संस्था की गतिविधियों और कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह बिष्ट तथा अधिकार मित्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


