
काशीपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे तीन छात्रों की बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के मुस्कामपुर परमानंदपुर निवासी 16 वर्षीय शिवम पुत्र मनोज अपने साथियों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी जा रहा था। रास्ते में परमानंदपुर के पास दभौरा टांडा स्थित हवलदार फार्म के समीप उनकी बाइक को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल राजकीय अस्पताल, काशीपुर पहुंचाया।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
