
नैनीताल (आरएनएस)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कैंचीधाम बाईपास मार्ग को 15 जून तक हर हाल में यातायात के लिए खोलने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में किसी कारण से विलंब होता है, तो अस्थायी वेली ब्रिज लगाकर मार्ग को चालू किया जाए।
सोमवार को विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की पांच योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 945.99 लाख रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास और 312.13 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। कुल योजनाओं की लागत 1258.12 लाख रुपये बताई गई।
समीक्षा बैठक में सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार सड़क कनेक्टिविटी को लेकर गंभीर है और अब तक 14,027 गांवों को सड़क से जोड़ा जा चुका है। बढ़ते यातायात को देखते हुए उन्होंने प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और गुणवत्ता युक्त निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में सिंचाई विभाग को क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने और भू-कटाव रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। पंचायतीराज विभाग को कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्यटन विभाग को होम-स्टे में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

