
पिथौरागढ़(आरएनएस)। पर्यावरण बटालियन विस्थापन के विरोध में पूर्व सैनिक संगठन का धरना 53वें दिन जारी रहा। आंदोलन स्थल पहुंचकर विधायक हरीश धामी ने पूर्व सैनिकों के आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार पर सवाल खडे किए। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हर माह प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और गृह मंत्री से मिलने जाते हैं,पूर्व सैनिकों की समस्या एक बार भी वह नहीं उठा पा रहे हैं,यह पूर्व सैनिकों का अपमान है। गुरुवार को 130 पर्यावरण बटालियन विस्थापन के विरोध में आंदोलन जारी रहा। पूर्व सैनिक संगठन ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की उपेक्षा और अनदेखी के कारण उन्हें मजबूर होकर धरने पर बैठना पड़ रहा है। एक ओर जहां पूर्व सैनिक अपने सम्मान और अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार सम्मान यात्राएं निकालकर अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रही है। पूर्व सैनिकों ने इसे दोहरा मापदंड और वोट बैंक की राजनीति करार दिया। धरने में शामिल कई पूर्व सैनिक ऐसे हैं जिन्होंने देश के लिए एक से अधिक युद्धों में भाग लिया है। ऐसे वीरों के सम्मान को नजरअंदाज कर राजनीतिक लाभ के लिए सम्मान यात्राएं निकालना दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय है। इस दौरान नितिन सागर,चंचल बोहरा,मुकेश पंत,गोविंद बिष्ट,विक्रम पोखरिया,खडक ऐरी,केएन भट्ट,मनोहर बेलाल,महेश चंद,प्रमिला बोहरा,भुवन गडकोटी सहित अन्य पूर्व सैनिक व लोग मौजूद रहे।

