
हल्द्वानी(आरएनएस)। गौलापार क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अंत्येष्टि हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार गौलापार निवासी 40 वर्षीय युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। घर में भी विवाद की बात सामने आ रही है। बताया गया कि युवक ने रात में अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा और रातभर शव घर में रखा। सुबह करीब छह बजे शव को घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की सूचना न तो डायल 112 पर दी गई और न ही स्थानीय पुलिस चौकी या कोतवाली को जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी बाद में मिली, जिसके बाद पूछताछ की गई। काठगोदाम के एसएचओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

