
रुद्रपुर(आरएनएस)। सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवां सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 21 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। साधु-संतों और उपस्थित लोगों ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखी दांपत्य जीवन की कामना की। रविवार को गल्ला मंडी से बैंडबाजे के साथ 21 दूल्हे रथों पर सवार होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान पहुंचे। मैदान में पहुंचने पर वधु पक्ष की ओर से वर पक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। इसके बाद वैवाहिक रस्में शुरू हुईं और जयमाल कार्यक्रम संपन्न कराया गया। कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने बताया कि हिन्दू रीति-रिवाज और गायत्री परिवार की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह संपन्न कराए गए। मंत्रोच्चारण के बीच वर-वधु ने सात फेरे लेकर विवाह संस्कार पूरा किया। इस दौरान शिवानंद जी महाराज, स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई साधु-संतों और विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। चुघ ने बताया कि संस्था और जनसहयोग से वर-वधुओं को आवश्यक घरेलू सामान देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, राजीव कुमार, विकास आर्य, प्रवीन जोशी, महेश पांडेय, जगदंबा कौशिक, मोनू ठाकुर, महेश ठाकुर, अनिल चौहान, आनंद दुबे, गणेश पांडेय, पप्पू राजपूत, वरिष्ठ प्रचारक डाल चंद, सुमित गुप्ता, आयुष गुप्ता, दीप्ति संधू, अनिल गुप्ता, संजय ठुकराल, मुकेश वशिष्ठ, धीरेंद्र मिश्रा, अमित नारंग आदि मौजूद रहे।

