
काशीपुर(आरएनएस)। नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल के समर्थन में अब स्थानीय व्यापार मंडल भी खुलकर सामने आ गया है।रविवार को नगर में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को बंद कराने के लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारी एकजुट हुए। व्यापारियों ने पूर्व में दी गई चेतावनी के अनुसार, बाजार लगाने पहुंचे बाहरी साप्ताहिक हाट व्यापारियों को बैरंग वापस लौटा दिया। इस दौरान कुछ बाहरी व्यापारियों और स्थानीय पदाधिकारियों के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली। व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोरा खुल्लर ने बताया कि नगर पालिका कर्मियों की हड़ताल के चलते इस समय पूरे नगर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
उन्होंने कह पिछले सप्ताह भी इन साप्ताहिक बाजार लगाने वालों ने शहर में भारी गंदगी फैलाई थी और कूड़ा ऐसे ही छोड़कर चले गए थे। महामारी और गंदगी की आशंका को देखते हुए, आज सभी स्थानीय व्यापारियों की मांग पर इस हाट का विरोध किया गया है। वहीं, व्यापार मंडल के महामंत्री ललित कोछड़ ने साफ शब्दों में कहा कि पालिका कर्मियों की मांगें जायज हैं और उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी, तब तक नगर में किसी भी कीमत पर साप्ताहिक बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। इससे पहले हाट बाजार का विरोध करने के लिए सुबह से ही स्थानीय व्यापारी मौके पर मुस्तैद रहे। विरोध जताने वालों में मुख्य रूप से अजय गोयल, विकास गर्ग, सोनू श्रीवास्तव, विक्की खुल्लर, हरमीत सिंह, कोमल, विजय समेत भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

