
देहरादून(आरएनएस)। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के बैनर तले नगर निगम परिसर में सफाई कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर मांगें पूरी नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई।प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध, अध्यक्ष सोनू खैरवाल, सचिव धीरज भारती, उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि वेतन बढ़ोतरी, निकायों में नए कर्मचारियों की भर्ती समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। एससी एसटी ओबीसी वैचारिक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रघुनाथ आर्य, भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश कुमार, जिला अध्यक्ष कपिल कुमार, अखिल भारतीय वाल्मीकि नव युवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गांधी और उनके साथियों ने कर्मचारियों को समर्थन दिया। दोपहर एक बजे धरना समाप्त करने के बाद कर्मचारी दून अस्पताल चौक पहुंचे। यहां पंजाब के बरनाला शहर में सफाई कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही मांग उठाई कि दोषी पुलिस कर्मियों की तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त कर दी जाए। इस दौरान यूनियन की देहरादून महानगर अध्यक्ष कुमारी आरती, अरविंद कुमार, अरुण कुमार, तेजपाल, सुनील कुमार, सोना, छाया देवी, सोहनलाल, विमला देवी, कमलेश देवी, सावित्री देवी, श्यामू, राधा, मनोज, विक्रम, गौरव, रीना, बबलू, अमित कुमार, रामवती , बाला देवी , सौरभ आदि मौजूद रहे।

