
रुद्रपुर(आरएनएस)। सितारगंज में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का रुद्रपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रविवार को काशीपुर रोड पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके भेंट कर अभिनंदन किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अभूतपूर्व प्रेम मिल रहा है, जो इस बात का संकेत है कि आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को मुखरता से उठाएं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के दम पर उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार बनेगी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां और प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन हमेशा विकासोन्मुख रहा है। महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन के साथ खड़ा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह झूठ और फरेब की राजनीति करती है, जिसे जनता अब समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान प्रेमानंद महाजन, ममता हालदार, उमा सरकार, सुमित्तर भुल्लर, सुभाष बेहड़ा, बेबी सरकार, नासिर अली, बाबू विश्वकर्मा, नरेश सागर, श्रीनाथ विश्वास, किशोर हालदार, नारायण हालदार और सतीश राजपूत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

