
अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत कोतवाली रानीखेत पुलिस ने केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन और नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के मूलभूत टिप्स भी दिए गए, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशों पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्टिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, ऑनलाइन गेमिंग और ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने और नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनमें डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, मानस हेल्पलाइन 1933 और आपदा हेल्पलाइन 1070 शामिल हैं। विद्यार्थियों को किसी भी समस्या या संदेह की स्थिति में अभिभावकों या पुलिस से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई।



