
बागेश्वर। कोतवाली पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी रंगदारी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 16 मार्च को विक्रम सिंह दानू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गोपाल बनवासी नामक व्यक्ति ने उनके होटल भवन को अवैध बताकर उसे ध्वस्त कराने की धमकी दी और 40 हजार रुपये वसूलने के साथ ही 2.5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच तेज की गई और 21 मार्च को आरोपी गोपाल चन्द्र बनवासी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

