
अल्मोड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को अल्मोड़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की सोच से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। सूचना एवं संचार क्रांति, कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने देश के विकास की नई दिशा तय की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और ग्रामीण विकास को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का सपना आधुनिक, लोकतांत्रिक और समान अवसरों वाला भारत था। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नवाचार को देश की प्रगति का आधार मानते हुए भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप विकास की सोच को आगे बढ़ाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की भावना पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम में प्रकाश जोशी, वैभव पांडे, गोविंद सिंह मेहरा, हरीश आर्य, फेमिना खान, विकास कुमार, भैरव गोस्वामी, एन.डी. पांडे, हरिराम आर्य, सुशील साह, किरण आर्य, डॉ. मनोज जोशी, पंकज, पूरन सिंह रौतेला, दीपक कुमार, अम्बीराम आर्या, कृष्ण चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

