
रुद्रपुर(आरएनएस)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दिनेशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुकसौरा गांव क्षेत्र में 57 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। दिनेशपुर पुलिस को ग्राम बुकसौरा क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिल रही थी।पुलिस टीम ने ग्राम बुकसौरा में संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान छिन्दर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम बुकसौरा, थाना दिनेशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में बरामद हेरोइन के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के संबंध में अहम जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस अब इन सुरागों का सत्यापन कर रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी जयनगर, एएसआई सुरेंद्र सिंह बोरा, महेंद्र आदि शामिल रहे।

