
हल्द्वानी। हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस की एसओजी टीम बनकर पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक कमर्शियल ऑफिस में सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार्यालय में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार बरेली रोड स्थित एक कमर्शियल ऑफिस में देर रात कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान कार में सवार आठ से दस बदमाश वहां पहुंचे और खुद को एसओजी टीम का सदस्य बताकर कार्यालय में प्रवेश कर गए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने तमंचे तानकर सभी लोगों को बंधक बना लिया और पूरे कार्यालय में लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाश कार्यालय में रखी करीब आठ लाख रुपये की नकदी अपने साथ ले गए। इसके अलावा वहां मौजूद लोगों से सोने की दो चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती सामान भी लूट लिया। वारदात के बाद पुलिस को तुरंत सूचना न मिल सके, इसके लिए बदमाश करीब 12 मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए और बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। सर्विलांस टीम तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। साथ ही बरेली रोड से जुड़े संभावित फरार मार्गों और आसपास के जिलों में भी दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पुलिस की पहचान का फायदा उठाकर बिना किसी संदेह के कार्यालय में प्रवेश किया और फिर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


