
रुड़की(आरएनएस)। लक्सर-रायसी रेलवे ट्रैक पर खंडजा फाटक के पास रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50-55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि लक्सर स्टेशन मास्टर मनोज कुमार ने सुबह सूचना दी कि खंडजा फाटक से रायसी की ओर करीब 50 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक के सिर पर चोट थी और एक हाथ कटा हुआ था। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए रुड़की स्थित मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है।

