
अल्मोड़ा। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आन्दोलन (एनएमओपीएस) अल्मोड़ा की ऑनलाइन बैठक में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि 9 अगस्त को चौघानपाटा पार्क में कर्मचारी और शिक्षक एकदिवसीय सामूहिक उपवास रखकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपेंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष गणेश सिंह भण्डारी ने कहा कि सामूहिक उपवास के दौरान राजनीतिक दलों से पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख सार्वजनिक करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए ओपीएस की बहाली आवश्यक है। बैठक में 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित पेंशन मार्च रैली और मुख्यमंत्री आवास घेराव को सफल बनाने का भी संकल्प लिया गया। इसके लिए जनपद के सभी विकासखंडों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य की गारंटी से जुड़ा मुद्दा है। बैठक में आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी। ऑनलाइन बैठक में जिला संयोजक डॉ. मनोज जोशी, जिला मंत्री भूपाल चिलवाल, प्रांतीय कोर कमेटी सदस्य धीरेंद्र कुमार पाठक, जिला कोषाध्यक्ष दीपक तिवारी, जिला महिला विंग सचिव शांति जुयाल, मंडलीय मंत्री पंकज जोशी, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डी.के. जोशी, जिला मीडिया प्रभारी नितेश काण्डपाल सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सभी विकासखंडों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
