
देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक टीईटी प्रकरण और पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर लामबंद हो गए हैं। आक्रोशित शिक्षक 22 जून को सचिवालय को घेराव करेंगे। गुरुवार को प्रांतीय कार्यालय में हुई प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में रणनीति तय की गई। बैठक में सभी जनपदों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में इस आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि 22 जून के सचिवालय घेराव को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इसके साथ ही आगामी एक जुलाई से शिक्षक वर्ग टीईटी की बाध्यता से मुक्ति के लिए अपने-अपने क्षेत्रों के विधायकों, सांसदों, शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर पत्राचार अभियान शुरू करेगा। देहरादून जिले में आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों के लिए जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत को सर्वसम्मति से कार्यक्रम संयोजक मनोनीत किया गया। बैठक की अध्यक्षता भी धर्मेंद्र सिंह रावत ने की, जबकि संचालन प्रांतीय तदर्थ समिति सदस्य दिगंबर सिंह नेगी ने किया। इस मौके पर टिहरी जिला अध्यक्ष चंद्रवीर नेगी, उत्तरकाशी से जिला मंत्री जनक बिष्ट, डुंडा अध्यक्ष सतीश चंद्र रमोला, अल्मोड़ा से जिला अध्यक्ष किशोर जोशी, जिला मंत्री जगदीश भंडारी, चमोली से प्रांतीय तदर्थ समिति सदस्य दिगंबर नेगी, जिला मंत्री मुकेश नेगी, संरक्षक जगदीप रावत, मीडिया प्रभारी विनोद देवली, चम्पावत से प्रांतीय तदर्थ समिति सदस्य एवं अध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल, जिला मंत्री कीर्ति भट्ट, कोषाध्यक्ष कमल जोशी, लोहाघाट ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश फर्त्याल मौजूद रहे।
