
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। खिर्सू ब्लॉक के जाख गांव के डाकघर में खाताधारकों के खातों से अवैध निकासी और अन्य अनियमितताओं का मामला सामने आया है। खाताधारकों और जनप्रतिनिधियों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।खाताधारकों का आरोप है कि डाकघर के कर्मचारियों ने दो खातों से लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये की निकासी की है। उन्होंने जमा की गई रकम की भी जांच की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत सिंह बिष्ट ने बताया कि दो खाताधारकों के खातों से करीब 80 हजार और 1 लाख रुपये की अवैध निकासी हुई है। मंगलवार को पौड़ी से एक जांच टीम मौके पर पहुंची। डाकघर के सभी खातों में जमा और निकासी की अनियमितताएं सामने आई हैं। खाताधारकों को अपनी कमाई में धांधली की आशंका है। उन्होंने बाहरी प्रदेशों से तैनात कर्मियों की भर्ती की निष्पक्ष जांच की मांग की।कोतवाली निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। पौड़ी डाकघर के डाक निरीक्षक अवधेश ने बताया कि शिकायत पर जांच की जा रही है और जाख डाकघर में पूछताछ की गई है। शिकायती पत्र देने वालों में रणजीत सिंह, मोहन सिंह, सोवन सिंह, भरपूर सिंह, जयराम, रेखा देवी, विमला देवी, सतेश्वरी देवी, रामचंद्री देवी, अनीता देवी और प्रमिला शामिल हैं।
