
हल्द्वानी(आरएनएस)। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच सोमवार को वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। होली महोत्सव के मौके पर कुमाऊंनी बैठकी होली और खड़ी होली की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुर-साधना लोहरिया साल मल्ला की महिला मंडली, गौरी माहेश्वरी समिति, सीएमटी डहरिया की महिला मंडली और मधुबन महिला समिति जज फार्म ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुमाऊं की खड़ी व बैठकी होली की पुरुष टोली के कृष्णानंद उपाध्याय, पीसी जोशी, पीएस मेहता, जगदीश चंद्र डालाकोटी सहित अन्य कलाकारों ने पारंपरिक होली गायन से समां बांध दिया। विशेष आकर्षण सुर-साधना समिति की ओर से प्रस्तुत बॉर्डर पर तैनात सैनिक की व्यथा पर आधारित नृत्य-नाटिका रही, जिसने जनसमूह को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे आदि रहे। वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति हल्द्वानी के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, महामंत्री डीके पांडे, उपाध्यक्ष भगवती बिष्ट, कोषाध्यक्ष पीएस जन्तवाल, संरक्षक डीके बल्यूटिया सहित समिति के अनेक पदाधिकारी व सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।

