
रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी और परीक्षा देने के बावजूद छात्र संगठनों ने हंगामा किया। जय हो छात्र संगठन और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज व विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन किया और महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी। वहीं छात्र नेता गणेश गोस्वामी पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गए और आत्मदाह की बात कहते हुए विरोध जताया। वार्ता के बाद वह नीचे उतर आए। वहीं छात्रसंघ अध्यक्ष प्रियांशु मोहन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कई विद्यार्थियों को परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाया गया है। उन्होंने परिणामों में सुधार और लंबित परिणाम तत्काल जारी करने की मांग की। मांगों को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष प्रियांशु मोहन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि परिणामों में सुधार और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। इधर प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र दुद्पुरी ने कहा कि परिणाम संबंधी गड़बड़ी विश्वविद्यालय स्तर की है। त्रुटियों की जानकारी परीक्षा नियंत्रक को भेज दी गई है। सुधार के लिए दो शिक्षकों और दो छात्रों की समिति विश्वविद्यालय भेजी जाएगी। इस दौरान उपाध्यक्ष अभिषेक आर्य, भानु चमोला, महासचिव दीपिका समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

