
कोटद्वार(आरएनएस)। पौड़ी हाईवे पर सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच सोमवार सुबह हाथी आ धमके जिन्हें देखकर हाईवे पर जाम लग गया। हाथियों को देखकर वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत है। जान बचाने के लिए कई लोग अपने वाहन छोड़कर भागे। हाथियों ने टैंपो ट्रैवलर समेत चार वाहनों को क्षतिग्रस्त किया।सुबह करीब 6:30 बजे सिद्धबली मंदिर से कुछ ही फासले पर स्थित लालपुल के समीप एक मोड़ पर हाथियों का झुंड पहुंचा। इसी दौरान हाथियों के नजदीक पहुंचे एक टैंपो ट्रैवलर का शीशा हाथी ने तोड़ दिया। इससे वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक और यात्री वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। हाथियों ने टैंपो ट्रैवलर के अलावा दो कार और एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया।
करीब डेढ़ घंटे तक हाथियों के हाईवे पर डटे रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक व कर्मचारी भी जाम के कारण देरी से गंतव्य तक पहुंचे। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को हाईवे से दूर किया गया।
करीब 11:30 बजे हाथियों का झुंड दोबारा हाईवे के दूसरी तरफ पहुंच गया। वन कर्मियों ने उन्हें फिर जंगल की ओर खदेड़ा। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। लैंसडौन के नवनियुक्त डीएफओ गौरव वर्मा ने बताया कि लालपुल के समीप हाथियों के झुंड आने की सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंच गए थे। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने हाईवे पर आवाजाही के दौरान लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

