
अल्मोड़ा। जिले में वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर हो रही परेशानियों को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अल्मोड़ा में स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र (एटीएस) शीघ्र शुरू कराने और तब तक मैनुअल फिटनेस जांच की व्यवस्था जारी रखने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पर्वतीय क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। महेश नयाल ने पत्र में कहा कि उन्होंने 19 जनवरी 2026 को भी इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। उस समय सरकार ने वाहन स्वामियों और टैक्सी संचालकों की समस्याओं को देखते हुए छह माह तक मैनुअल फिटनेस जांच जारी रखने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अल्मोड़ा में स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र संचालित नहीं होने के कारण वाहन स्वामियों को फिटनेस जांच के लिए हल्द्वानी जाना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि हो रही है। ईंधन, चालक और अन्य खर्च बढ़ने के साथ ही पर्वतीय मार्गों पर लंबी दूरी तय करने से वाहन संचालन भी प्रभावित हो रहा है। पत्र में उन्होंने बताया कि अनेक व्यावसायिक वाहनों और विद्यालयी बसों के परमिट केवल अल्मोड़ा जनपद तक सीमित हैं। ऐसे में फिटनेस जांच के लिए उन्हें जिले से बाहर ले जाना व्यावहारिक रूप से कठिन होने के साथ दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ाता है। महेश नयाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अल्मोड़ा में स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र की स्थापना और संचालन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती, तब तक मैनुअल फिटनेस जांच जारी रखने से वाहन स्वामियों, टैक्सी संचालकों और विद्यालयी वाहन संचालकों को बड़ी राहत मिलेगी।


