

बागेश्वर। जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार होराली बनलेख निवासी 47 वर्षीय हरीश बिष्ट अपने बेटे के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका बेटा पर्ची बनवाने के लिए लाइन में लगा था। इसी दौरान हरीश बिष्ट की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौत हो गई।
चिकित्सक डॉ. मेधा ने बताया कि मरीज को गंभीर हालत में इमरजेंसी में लाया गया था। उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों के अनुसार हरीश बिष्ट पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

