

उत्तरकाशी(आरएनएस)। हर्षिल क्षेत्र में आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए प्रस्तावित अस्थायी कंट्रोल रूम की स्थापना की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को हर्षिल और झाला का दौरा कर अधिकारियों को इसके लिए जरूरी कागजी कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, झाला में बनकर तैयार सामुदायिक भवन को भी जल्द हस्तांतरित करने को कहा। डीएम ने हर्षिल के उद्यान ग्राउंड में सीएमबीएडीपी योजना के तहत भवन के प्रथम तल पर प्रस्तावित अस्थायी आपातकालीन परिचालन केंद्र के लिए चिह्नित जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र की स्थापना की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने में देरी न की जाए। इसके बाद डीएम झाला पहुंचे और रीप परियोजना के तहत बने सामुदायिक भवन का जायजा लिया। भवन तैयार होने के बाद भी हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने झाला स्थित कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्थाएं भी देखीं। निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल नेगी, रीप परियोजना प्रबंधक कपिल उपाध्याय, आपदा कंसल्टेंट जय पंवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



