

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ को 13 पदों के सृजन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने का शासनादेश जारी हो गया है। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर प्रधान संगठन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए राज्य सरकार और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल का आभार व्यक्त किया है।
शासनादेश के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के तहत चिकित्सा अधीक्षक, पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट व अन्य विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, चिकित्सा अधिकारी और दंत चिकित्सक सहित पैरामेडिकल एवं प्रशासनिक स्टाफ के पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि शासनादेश जारी होने के बाद सीएचसी के मानकों के अनुरूप आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री की सूची तैयार की जा रही है। साथ ही चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था करने की मांग निदेशालय को भेजी जा रही है। ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, प्रधान संगठन के संरक्षक मनवर नेगी, महामंत्री मदन भट्ट, उपाध्यक्ष विनोद नेगी, महेंद्र सेमवाल, जिला संगठन सदस्य अनीता देवी और सरिता देवी ने कहा कि विधायक आशा नौटियाल के प्रयासों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। शासनादेश जारी होने के बाद शनिवार को विधायक आवास पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुलेखा त्रिवेदी, विशाम्बरी देवी, नीमा देवी, सभासद बलवीर पंवार, मधुगंगा ग्रुप के चेयरमैन कुशाल सिंह नेगी, दर्शनी पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलवीर नेगी, किरन शुक्ला, जगदीश लाल, शिक्षाविद् भूपेंद्र राणा, प्रताप धर्म्वाण, योगेंद्र राणा, शिव सिंह पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



