
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए के कनगढ़छीना से अल्मोड़ा तक दो लेन चौड़ीकरण कार्य के तहत अधिग्रहीत भूमि के प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन ने इसके लिए 18 ग्रामों में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें गठित की हैं, जो गांवों में जाकर सत्यापन और दस्तावेज एकत्र करने का कार्य करेंगी।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि टीमें संबंधित गांवों में जाकर प्रभावित काश्तकारों और भूमि स्वामियों का सत्यापन करेंगी। साथ ही मुआवजा वितरण को सरल बनाने के लिए बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भूमि अभिलेख और फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रभावित लोगों को बिना किसी परेशानी के समयबद्ध तरीके से मुआवजा मिल सके और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए ग्रामवार रोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसके अनुसार निर्धारित तिथियों पर कैंप लगाए जाएंगे।
जारी रोस्टर के अनुसार शैलगुंठ क्षेत्र के गांवों में 9 और 10 अप्रैल को, पाखुड़ा क्षेत्र में 13 अप्रैल को, भेटूली क्षेत्र में 15 अप्रैल को तथा भैंसोडी क्षेत्र में 16 और 17 अप्रैल को कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार अमखोली क्षेत्र में 21 से 23 अप्रैल और पांडेखोला शहरी क्षेत्र में 24 व 25 अप्रैल को कैंप लगाए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तय तिथियों पर उपस्थित रहकर प्रभावित लोगों से दस्तावेज एकत्र कर आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मुआवजा वितरण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

