
अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत महिला कोतवाली अल्मोड़ा की ओर से एनसीसी कैडेट्स के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रविवार को महिला कोतवाली पुलिस टीम ने कैडेट्स को वर्तमान समय में हो रहे साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। इस दौरान भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से जुड़े प्रमुख प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों के पालन और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की गई। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए कैडेट्स को जागरूक किया गया कि नशे से जुड़ी किसी भी गोपनीय सूचना को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर साझा किया जा सकता है।

