
अल्मोड़ा। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नशे में वाहन चला रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चल रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में इंटरसेप्टर टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। टैक्सी स्टैंड तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल चालक को रोका गया, जो शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। जांच में चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने आरोपी युवक पुलकित चौहान निवासी जाखन देवी को मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। इसके अलावा अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 अन्य लोगों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।



